फलों का राजा-आम
डॉ. मंजूश्री गर्ग
आम भारत का राष्ट्रीय फल है
और इसे फलों का राजा कहा जाता है। भारत में हिमालय से लेकर कन्याकुमारी तक व आसाम
से लेकर पंजाब तक सभी जगह पाया जाता है। आम को आम्र, रसाल, सहकार, आदि अनेक नामों
से जाना जाता है। कोई नाम स्थान विशेष पर उत्पन्न होने के कारण पड़ गया जैसे-
मलीहाबाद, बॉम्बेग्रीन, बैंगनपल्ली; तो कोई नाम आम
के रंग के आधार पर जैसे- केसर, तोतापरी, सफेदा, आदि। सभी आमों की अपनी-अपनी
विशेषतायें हैं फिर भी उत्तर भारत का दशहरी व बॉम्बे का अल्फांजों बहुत प्रसिद्ध
हैं। आम का फल स्वादिष्ट, मीठा व गुणकारी होता है। साथ ही इसका प्रयोग हम किसी न
किसी रूप में सालभर करते हैं। वनस्पति वैज्ञानिक वर्गीकरण के आधार पर आम ऐनाकार्डियेसी
कुल का वृक्ष है।
आम का पेड़ 30 फुट से 90
फुट तक ऊँचा होता है और फैला हुआ होता है। आम की पत्तियाँ वर्ष भर नयी निकलती रहती
हैं, इनकी लंबाई 8 इंच से 10 इंच तक होती है और चौड़ाई 1.5 इंच से 2 इंच। पत्तियाँ
का अग्र भाग नुकीला सा होता है। कुछ पत्तियाँ किनारे से लहरदार होती हैं। शुभ
अवसरों पर घर के मुख्य द्वार पर पत्तियों के तोरण बनाकर सजाते हैं व कलश में भी
डंडी सहित आम की पत्तियों को रखा जाता है। आम की पत्तियों की विशेषता है कि इनसे
बराबर ऑक्सीजन निकलती रहती है जिस कारण हवन के समय कक्ष में ऑक्सीजन की कमी नहीं
होती है। आम का तना भूरे या काले रंग का खुरदुरा होता है। अधिकांशतः हवन में आम की
लकड़ियों का ही प्रयोग होता है।
बसंत के मौसम में आम पर बौर
आना शुरू होता है। आम्रमंजरी को कामदेव के पंचवाणों में भी स्थान प्राप्त है। इसकी
भीनी गंध आस-पास के समस्त वातावरण को गंधमय बना देती है। इसकी गंध से आकर्षित हो
कोयल भी मधुर राग में कुहुकना शुरू कर देती है। आम के फूल छोटे, हल्के बसंती रंग
के या लालिमा लिये हुये होते हैं। नर और उभयलिंगी फूल एक ही बार(पैनिकल) पर होते
हैं. आम का फल सरस, गूदेदार होता है और हर फल में एक ही गुठली(बीज) होती है।
कच्चे आम का पन्ना बनाया
जाता है जो स्वादिष्ट व गर्मी में लू लगने से बचाता है। कच्चे आम को सुखाकर, पीसकर
अमचूर बनता है जिसका प्रयोग हम सालभर दाल और सब्जी में मसाले के रूप में करते हैं।
कच्चे आम से ही विभिन्न प्रकार के खट्टे-मीठे अचार बनाये जाते हैं। पके आम खाने
में सभी को प्रिय होते हैं चाहे कोई बच्चा हो या वृद्ध। पका आम बहुत ही
स्वस्थ्यवर्धक, पोषक, शक्तिवर्धक होता है। आम में विटामिन ए और विटामिन सी
प्रचुर मात्रा में होते हैं।
No comments:
Post a Comment